
हाथरस 22 फरवरी । हाथरस जिले में एक होटल में थूक लगाकर रोटी बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कोतवाली शहर क्षेत्र के मोहल्ला मधुगढ़ी स्थित ‘निजाम होटल’ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें तंदूर पर बैठा कारीगर रोटियों पर थूकता हुआ दिखाई दे रहा है। इस घटना के बाद हिंदूवादी संगठनों में भारी रोष है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कारीगर को हिरासत में ले लिया है।
बजरंग दल ने दर्ज कराई शिकायत, लगाया ‘जिहादी मानसिकता’ का आरोप
बजरंग दल के जिला सुरक्षा प्रमुख शिवम शर्मा ने इस मामले में पुलिस को तहरीर दी है। उनका कहना है कि उन्हें लंबे समय से इस होटल के बारे में शिकायतें मिल रही थीं। जब उन्होंने स्वयं जाकर देखा, तो यह घिनौनी हरकत कैमरे में कैद हो गई। शिवम शर्मा ने अपनी शिकायत में इसे “जिहादी मानसिकता” करार देते हुए होटल को तत्काल सील करने की मांग की है।
1 लाख की फिरौती न देने पर किया गया बदनाम
दूसरी ओर, होटल स्वामी शाहबुद्दीन अंसारी ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। अंसारी का कहना है कि वीडियो में कहीं भी थूकने जैसी हरकत नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने पहले उन्हें यह वीडियो भेजकर एक लाख रुपये की फिरौती मांगी थी और पैसे न देने पर वीडियो वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी थी। स्वामी ने इसे ब्लैकमेलिंग की साजिश बताया है।
पुलिस की कार्रवाई जारी
कोतवाली सदर पुलिस ने शिवम शर्मा की तहरीर और वायरल वीडियो के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी कारीगर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और वीडियो की सत्यता की जांच के लिए उसे फॉरेंसिक लैब भेजने की तैयारी की जा रही है।















