सासनी 22 फरवरी । विश्व हिंदू परिषद (विहिप) प्रखंड सासनी द्वारा रविवार को छिपेटी वाल्मीकि बस्ती में एक भव्य समरसता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ऊंच-नीच के भेदभाव को मिटाने और समाज में आपसी प्रेम को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पवित्र हवन से हुई, जिसमें बस्ती के निवासियों और अतिथियों ने एक साथ आहुतियां देकर सुख-समृद्धि की कामना की। मुख्य अतिथि विहिप के जिला उपाध्यक्ष डॉ. अमित भार्गव एवं कार्यक्रम अध्यक्ष बालकिशन वाल्मीकि ने महर्षि वाल्मीकि के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। डॉ. भार्गव ने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि समाज में समरसता और निस्वार्थ सेवा भाव से ही ‘रामराज’ की संकल्पना साकार हो सकती है। उन्होंने भगवान श्रीराम द्वारा माता शबरी के जूठे बेर खाने और श्रीकृष्ण द्वारा विदुर के घर भोजन करने के प्रसंगों का उल्लेख करते हुए बताया कि सामाजिक एकता ही हमारी संस्कृति का मूल आधार है।
‘एक समाज – एक परिवार’ का दिखा दृश्य कार्यक्रम के दौरान बजरंग दल के विभाग संयोजक हर्षित गौड़ और जिला संगठन मंत्री देवराज ने भी समाज को एकजुट रहने का संदेश दिया। विचार गोष्ठी के पश्चात ‘समरसता भोज’ का आयोजन हुआ, जिसमें समाज के सभी वर्गों के लोगों ने एक साथ बैठकर भोजन किया। इस सहभोज ने जातिगत सीमाओं को तोड़कर ‘वसुधैव कुटुंबकम’ के भाव को जीवंत कर दिया। कार्यक्रम में गौरव प्रजापति, योगेश वार्ष्णेय, अंकित उपाध्याय, विक्की कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में बस्ती के महिला-पुरुष उपस्थित रहे।















