
हाथरस 22 फरवरी । वेंकटेश्वर वेलफेयर सोसाइटी द्वारा संचालित ‘नेकी की दुकान’ संस्था के तत्वावधान में जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व पालिका अध्यक्ष आशीष शर्मा, विशिष्ट अतिथि उमा शंकर जैन और सेवानिवृत्त आईपीएस आदित्य वर्मा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर तथा भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। अतिथियों ने उपस्थित जनसमूह को रक्तदान के महत्व और इसके स्वास्थ्य लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। संस्था के संस्थापक दीपक शर्मा ने ‘नेकी की दुकान’ द्वारा समाज हित में किए जा रहे विभिन्न सेवा कार्यों से सभी को अवगत कराया। इस शिविर की विशेष बात यह रही कि इसमें महिलाओं (मातृशक्ति) ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर के दौरान कुल 60 रक्तवीरों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता के प्रति अपना कर्तव्य निभाया। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि यह आयोजन उनकी उन सामाजिक और कल्याणकारी गतिविधियों का हिस्सा है, जो निरंतर जरूरतमंदों की सहायता के लिए समर्पित हैं।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष मुकेश कुमार जैन, जिला सचिव नरेंद्र शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष शुभम गर्ग, नगर अध्यक्ष इंदु सिंघल, नगर संयोजक शिप्रा पोद्दार सहित भारी संख्या में संस्था के सदस्य, अधिवक्तागण और चिकित्सालय का स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम में उपस्थित सभी रक्तदाताओं को उनके इस नेक कार्य के लिए प्रोत्साहित किया गया।















