
हाथरस 22 फरवरी । आगामी त्योहार होली के अवसर पर आम जनमानस को सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश और जिलाधिकारी के निर्देशानुसार, सहायक आयुक्त खाद्य-II रणधीर सिंह एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में रविवार को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में सघन छापेमारी की गई। इस विशेष अभियान के तहत मुरसान और मेंडू क्षेत्रों में डेयरियों, कोल्ड स्टोरेज और मिष्ठान भंडारों का औचक निरीक्षण किया गया। अभियान के दौरान टीम ने मुरसान क्षेत्र में पुराने बिजली घर के पास स्थित विनोद कुमार दूध डेयरी का निरीक्षण किया, जहाँ बिक्री हेतु रखे गए लगभग चार कुंतल दूध में मिलावट का संदेह होने पर नमूना लिया गया। इसके बाद टीम ने पटा चौराहे के पास श्री कैला देवी कोल्ड स्टोरेज की जांच की, जहाँ केवल आलू भंडारित पाया गया। फुसकरा गांव स्थित कान्हा पनीर डेयरी और मेंडू बाजार के अशोक मिष्ठान भंडार पर भी कार्रवाई की गई। अशोक मिष्ठान भंडार के गोदाम में खोया निर्माण होते पाए जाने पर संदेह के आधार पर खोये का नमूना भरा गया। टीम ने बाजार में पैदल मार्च कर किराना व मिठाई विक्रेताओं को स्वच्छता और गुणवत्ता के कड़े निर्देश दिए।
ग्राम परसारा स्थित मुखिया ग्रामोद्योग के निरीक्षण के दौरान आटा और सरसों तेल की पैकिंग में कमियाँ पाए जाने पर खाद्य कारोबारकर्ता गौरव सिंह को सुधार नोटिस जारी किया गया। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी नमूनों को जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। छापामार टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. विकास कुमार, करतार सिंह और सुरेंद्र कुमार गौड़ शामिल रहे। विभाग ने चेतावनी दी है कि त्योहार तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा।















