
हाथरस 22 फरवरी । इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) की सी.आई.आर.सी की मथुरा शाखा के तत्वावधान में रविवार को हाथरस स्थित ‘जेके डोनल रेस्टोरेंट’ में “डिकोडिंग फाइनेंस बजट 2026” विषय पर एक वृहद सेमिनार का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण सत्र का उद्देश्य हाल ही में पेश हुए केंद्रीय बजट के तकनीकी पहलुओं का विश्लेषण करना और उनके व्यावहारिक प्रभावों को सरल भाषा में समझना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता और मंच संचालन मथुरा शाखा के उपाध्यक्ष सीए लोकेश वार्ष्णेय द्वारा किया गया, जिन्होंने वित्तीय परिदृश्य में हो रहे बदलावों और बजट की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए सत्र की शुरुआत की।
सेमिनार में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित सीए नितिन कंवर ने आयकर में हुए नीतिगत बदलावों और उनके दूरगामी प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने उन बारीकियों से अवगत कराया जो करदाताओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। वहीं, सीए जयेंद्र कुमार तिवारी ने जीएसटी संशोधनों पर अपना व्याख्यान केंद्रित करते हुए बताया कि किस प्रकार नए प्रावधानों से व्यापारियों के लिए अनुपालन प्रक्रिया सरल होगी। तकनीकी सत्र की अध्यक्षता सीए भूषण अग्रवाल ने की। इस अवसर पर हाथरस के चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ने बड़ी संख्या में भाग लेकर बजट की जटिलताओं को समझा।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सीए मनीष टालीवाला, सीए गिरधर गोपाल अग्रवाल, सीए दीपेश शर्मा, सीए गीतांश बिंदल, सीए योगेश अग्रवाल, सीए शुभम अग्रवाल, सीए आयुषी अग्रवाल, सीए प्राची अग्रवाल सहित दर्जनों प्रोफेशनल सदस्य उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने इस ज्ञानवर्धक पहल की सराहना करते हुए इसे समय के अनुकूल बताया। वक्ताओं द्वारा दी गई जानकारी से प्रोफेशनल सदस्यों को बजट के नए प्रावधानों को व्यावहारिक रूप से लागू करने में बड़ी मदद मिलेगी।















