
हाथरस 21 फरवरी । आगामी होली के त्यौहार पर आम जनमानस को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरों के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार और सहायक आयुक्त (खाद्य) रणधीर सिंह व मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में शनिवार को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में सघन छापेमारी और निरीक्षण की कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान सचल टीम ने सलेमपुर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक फेक्ट्री पर छापा मारा। निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री में बिक्री के लिए तैयार की जा रही सोनपापड़ी के नमूने संदेह के आधार पर जांच हेतु लिए गए। इसके उपरांत टीम ने सासनी तहसील के खोरना रोड स्थित श्री गिर्राज कोल्ड स्टोरेज का निरीक्षण किया। वहाँ साबुत मिर्च, हल्दी और धनिया जैसे मसाले भंडारित पाए गए, हालांकि खोया नहीं मिला। कोल्ड स्टोरेज में स्वच्छता मानकों की कमी पर नोटिस दिया गया। टीम ने हाथरस शहर के सादाबाद गेट स्थित तेलीयान गली में ‘बालाजी पिसाई केंद्र’ और नगला उम्मीद स्थित ‘पालीवाल ब्रदर्स’ की नमकीन फैक्ट्री का भी निरीक्षण किया। इन दोनों स्थानों पर सफाई व्यवस्था संतोषजनक न मिलने पर सुधार नोटिस थमाए गए। सादाबाद तहसील क्षेत्र में ‘निधि फूड प्रोडक्ट’ और ‘राहुल ट्रेडर्स’ की भी जांच की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी नमूनों को प्रयोगशाला भेजा जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी। विशेष रूप से फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स’ (FSW) मोबाइल वैन के माध्यम से अलीगढ़ रोड और सादाबाद क्षेत्र में मिठाई, मावा, दूध और मसालों की मौके पर ही जांच की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने आम जनता को मिलावट पहचानने के तरीके बताए और दुकानदारों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। सचल टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी यदुवीर सिंह, डॉ. विकास कुमार, करतार सिंह और सुरेंद्र कुमार गोड़ शामिल रहे। विभाग ने चेतावनी दी है कि त्यौहार तक यह छापामार अभियान निरंतर जारी रहेगा।













