
हाथरस 21 फरवरी । यूजीसी बिल और एससी/एसटी एक्ट के विरोध में राष्ट्रीय सवर्ण परिषद के अध्यक्ष पंकज धवरैया का अनिश्चितकालीन धरना शनिवार को भी कंचन नगर स्थित उनके निवास के बाहर जारी रहा। इस दौरान धवरैया ने प्रशासन और सत्ता पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके लोकतांत्रिक विरोध को दबाने के लिए गहरी साजिशें रची जा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि इसी षडयंत्र के तहत एक एडिटेड (फर्जी) ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है, जिसमें उन्हें कथित तौर पर अपने ही संगठन के एक पदाधिकारी से सरकारी गनर और सुरक्षा प्राप्त करने के उद्देश्य से धरना देने की बात करते सुनाया जा रहा है। पंकज धवरैया ने स्पष्ट किया कि करीब 6 मिनट के इस ऑडियो में की गई बातें पूरी तरह अनर्गल हैं और उनकी संबंधित पदाधिकारी से कभी इतनी लंबी बातचीत ही नहीं हुई।
धवरैया ने आरोप लगाया कि जब से उन्होंने धरना शुरू किया है, तब से प्रशासन और भाजपा नेता उन्हें धरना स्थल से उठाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन वे अपने सिद्धांतों से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी सख्त निगरानी की जा रही है और खुफिया तंत्र (LIU) भी पूरी तरह सक्रिय है, फिर भी सवर्ण समाज और आम लोगों का समर्थन उन्हें लगातार मिल रहा है। शनिवार को भी बड़ी संख्या में लोग उनसे मिलने धरना स्थल पर पहुंचे। पंकज धवरैया ने दो टूक शब्दों में कहा कि इस तरह की ओछी हरकतों और फर्जी ऑडियो के माध्यम से उनके आंदोलन को कमजोर नहीं किया जा सकता और जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, यह विरोध प्रदर्शन निरंतर जारी रहेगा।













