Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 21 फरवरी । अपर पुलिस अधीक्षक रामानन्द कुशवाहा ने शनिवार को थाना हसायन का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने की सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई और अभिलेखों के रखरखाव का गहनता से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक गिरीश चन्द्र गौतम सहित समस्त पुलिस बल मौजूद रहा। अपर पुलिस अधीक्षक के थाने आगमन पर गार्द द्वारा उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ (सलामी) दी गई। इसके पश्चात उन्होंने थाना परिसर में स्थित मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां मौजूद महिला आरक्षियों को आगंतुक रजिस्टर व्यवस्थित रखने और पीड़ितों की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनने के निर्देश दिए।

एएसपी ने सीसीटीएनएस (CCTNS) कक्ष का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कंप्यूटर क्लर्क को निर्देशित किया कि आईजीआरएस पोर्टल पर लंबित प्रार्थना पत्रों का त्वरित निस्तारण करें। ‘ऑपरेशन पहचान’ के तहत अपराधियों की डेटा फीडिंग में तेजी लाएं। डायल 112 से संबंधित इवेंट्स को समय पर फीड करें। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शस्त्रागार, मालखाना, हवालात, बैरक, मैस और शौचालयों की स्थिति देखी और साफ-सफाई को लेकर संतोष व्यक्त करते हुए सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने अपराध रजिस्टर, भूमि विवाद रजिस्टर, गुंडा रजिस्टर और महिला उत्पीड़न रजिस्टर सहित सभी महत्वपूर्ण फाइलों को अपडेट रखने को कहा।

अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी को क्षेत्र के बैंकों और एटीएम की सुरक्षा के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने और अराजक तत्वों पर प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी पुलिसकर्मी अपने क्षेत्रों में गश्त बढ़ाएं और आम जनता के साथ शालीन व्यवहार करें ताकि पुलिस और पब्लिक के बीच विश्वास कायम हो सके। अंत में उन्होंने निर्माणाधीन विवेचना कक्ष और थाना भवन की मरम्मत के कार्य को अतिशीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page