
हाथरस 21 फरवरी । आयरन सुक्रोज सप्ताह के अंतर्गत हीमोग्लोबिन की कमी से ग्रसित गर्भवती महिलाओं हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सिकंदराराऊ में आयोजित कैम्प का अलीगढ़ मण्डल आयुक्त संगीता सिंह ने जिलाधिकारी अतुल वत्स के साथ फीता काटकर उद्घाटन किया। इस मौके पर मंडलायुक्त ने आयरन सुक्रोज की डोज दी जा रही महिलाओं से वार्ता की और उन्होंने महिलाओं से आयरन सुक्रोज की सभी डोज चिकित्सक के परामर्श के अनुसार लिये जाने का आवाहन किया। महिलाओं को फल की ढलिया भेंट कर उसका सेवन करने को कहा, जिससे कि उनके हीमोग्लोबिन में बढोतरी हो सके। जानकारी करने पर एमओआईसी द्वारा अवगत कराया गया कि अबतक 229 महिलाओं को प्रथम डोज, 141 महिलाओं को द्वितीय डोज, 149 महिलाओं को तृतीय डोज, 93 महिलाओं को चतुर्थ डोज तथा 15 महिलाओं को पंचम डोज दी गई है।
मण्डलायुक्त ने आयरन सुक्रोज सप्ताह के अंतर्गत शासन की मंशा के अनुरूप जिलाधिकारी की महत्वपूर्ण पहल एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा किए गए सराहनीय प्रयासों की प्रशंसा करते हुए जिलाधिकारी एवं समस्त स्वास्थ्य विभाग की टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं में हीमोग्लोबिन की कमी होने पर प्रसव के दौरान माता एवं शिशु दोनों के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। हीमोग्लोबिन की कमी से अत्यधिक रक्तस्राव की संभावना बढ़ जाती है, जिससे माँ के जीवन पर भी संकट आ सकता है। इसी उद्देश्य से आयरन सुक्रोज कैंप आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं का हीमोग्लोबिन स्तर सामान्य रखा जा सके तथा उनका पोषण स्तर बेहतर हो सके। उन्होंने बताया कि आयरन सुक्रोज शिविरों का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं में हीमोग्लोबिन के स्तर को सुधारना एवं पोषण की स्थिति को बेहतर बनाना है। इसके लिए शासन द्वारा आयरन सुक्रोज का प्रावधान किया गया है। जिलाधिकारी के प्रयासों से ओपीडी में आने वाली गर्भवती महिलाओं की जांच करने पर हीमोग्लोबिन निर्धारित स्तर से कम पाया जाता है, उन्हें पूर्व में ही चिन्हित कर आयरन सुक्रोज की निर्धारित डोज दी जा रही है।
इस अवसर पर उन्होंने सभी गर्भवती महिलाओं से अपील की कि वे चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार आयरन सुक्रोज की सभी निर्धारित डोज अवश्य लें, जिससे भविष्य में किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी समस्या से बचा जा सके। उन्होंने उपस्थित चिकित्सक को आयरन सुक्रोज सप्ताह का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। जिससे कि अधिक से अधिक महिला मरीजों को लाभ मिल सके। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सिकंदराराऊ, खण्ड विकास अधिकारी, चिकित्सक सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।













