
हाथरस 20 फरवरी । आज सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) की बोर्ड परीक्षा जनपद के आठ परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। कक्षा 12 की भौतिकी (फिजिक्स) विषय की परीक्षा आयोजित की गई, जिसके लिए सुरक्षा, गोपनीयता और अनुशासन बनाए रखने के विशेष इंतजाम किए गए थे। परीक्षा केंद्रों के बाहर छात्रों और उनके अभिभावकों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। सीबीएसई के सिटी कोऑर्डिनेटर डॉ. जगदीश शर्मा के अनुसार कक्षा 12 फिजिक्स विषय में कुल 1744 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1716 विद्यार्थी परीक्षा में उपस्थित रहे, जबकि 28 छात्र अनुपस्थित रहे। जनपद में परीक्षा का आयोजन बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल, संत फ्रांसिस इंटर कॉलेज, राजेंद्र लोहिया विद्या मंदिर, दून पब्लिक स्कूल, द कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल, आरपीएम पब्लिक स्कूल, ओएमबी इंटरनेशनल स्कूल तथा संत विवेकानंद पब्लिक स्कूल में किया गया। परीक्षा देकर बाहर निकले छात्रों ने प्रश्नपत्र को अपेक्षाकृत सरल बताया, जिससे छात्रों के चेहरों पर संतोष दिखाई दिया। प्रशासन और शिक्षा विभाग ने भी परीक्षा के शांतिपूर्ण आयोजन पर संतोष व्यक्त किया।













