
हाथरस 20 फरवरी । हाथरस में आज गुरुवार देर शाम एक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी। घायल युवक को हायर सेंटर रेफर किया गया है। मृतक की पहचान वकील (22) पुत्र अली मोहम्मद के रूप में हुई है। बाइक पर उसके साथ गौरव (18) पुत्र दिनेश भी सवार था। दोनों मुरसान कोतवाली क्षेत्र के कोरना गांव के निवासी थे। हादसे के बाद दोनों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने वकील को मृत घोषित कर दिया। गौरव की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। वकील टू-व्हीलर मिस्त्री था और हाथरस में एक एजेंसी पर काम करता था। बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले ही उसकी शादी हुई थी। घटना की सूचना मिलने पर बसपा नेता डॉ. अविन शर्मा और कई ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में भी मातम छा गया।













