
हाथरस 20 फरवरी । हाथरस जिले में सासनी कोतवाली क्षेत्र के आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 93 पर गांव समामई के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दंपति को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अलीगढ़ निवासी छोटेलाल अपनी पत्नी गुड्डी देवी के साथ बाइक पर सवार होकर अपने पैतृक गांव जलेसर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक सासनी क्षेत्र के गांव समामई के पास पहुँची, तभी पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दंपति लहूलुहान होकर सड़क पर जा गिरे। राहगीरों की सूचना पर पहुँची एम्बुलेंस की मदद से घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ रेफर कर दिया है।
















