Hamara Hathras

Latest News

सासनी 20 फरवरी । जिलाधिकारी (DM Hathras) अतुल वत्स (Atul Vats IAS) को प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर तहसील सासनी क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित नकली खाद फैक्ट्री के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की गई। जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में उप जिलाधिकारी सासनी एवं प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट ने जिला कृषि अधिकारी तथा पुलिस बल के साथ संयुक्त रूप से मौके पर छापेमारी की। प्रारंभिक जांच में अवैध गतिविधियां पाए जाने पर परिसर में मौजूद उर्वरक को तत्काल अधिग्रहित कर सुपुर्दगी में लिया गया। छापेमारी के दौरान एक परिसर से भारी मात्रा में अनुदानित उर्वरक बरामद किया गया, जिसमें डीएपी 5 कुंतल, पोटाश 18.50 कुंतल, एनपीकेएस 48 कुंतल, टेक्निकल ग्रेड यूरिया 122.50 कुंतल, अनमार्का बैग में भरा 52.50 कुंतल उर्वरक सहित कुल 246.50 कुंतल खाद तथा लगभग 1500 खाली खाद के पैकेट शामिल हैं, जिनकी बाजार कीमत लगभग 8 लाख 63 हजार रुपये आंकी गई है। मौके पर परिसर संचालक द्वारा उर्वरक भंडारण से संबंधित कोई भी वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं किया जा सका।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि सरकारी सब्सिडी वाली खाद को कच्चे माल के रूप में प्रयोग कर उसमें केमिकल मिलाकर औद्योगिक उपयोग के नाम पर बाजार में बेचा जा रहा था, जिससे किसानों के साथ बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी की जा रही थी। अधिग्रहित खाद से चार नमूने लेकर प्रयोगशाला परीक्षण हेतु भेजे जा रहे हैं। सूचना मिलने पर जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं मुख्य विकास अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचे और पूरे प्रकरण की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने इसे गंभीर आर्थिक व प्रशासनिक अपराध बताते हुए कहा कि इसमें संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी सब्सिडी वाली खाद किसानों के लिए होती है, उसका औद्योगिक उपयोग के लिए दुरुपयोग अत्यंत गंभीर विषय है तथा यह भी जांच की जा रही है कि सरकारी खाद अवैध कारोबारियों तक कैसे पहुंची। छापेमारी से पूर्व मौके से निकले एक ट्रक को भी ट्रैक किया जा रहा है और पूरे संगठित नेटवर्क की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। अवैध भंडारण के मामले में उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के अंतर्गत विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page