
सासनी 20 फरवरी । विकास खंड सासनी के समामई रूहेल में संचालित अस्थायी गौ आश्रय स्थल का जिलाधिकारी अतुल वत्स ने औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा गौवंशों के संरक्षण हेतु आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गौशाला में संरक्षित गौवंशों के लिए पीने के पानी, टीनशेड, हरा चारा व भूसे की उपलब्धता की जानकारी ली और केयर टेकर उपस्थिति पंजिका, स्टॉक पंजिका, पशु चिकित्सक विजिट पंजिका सहित अन्य अभिलेखों का अवलोकन किया। मौके पर कुल 189 गौवंश (16 नर एवं 173 मादा) संरक्षित पाए गए। गौवंशों की चिकित्सा व्यवस्था के लिए एक पशु चिकित्साधिकारी एवं एक पशुधन प्रसार अधिकारी तैनात हैं तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है, निरीक्षण के समय कोई भी गौवंश बीमार नहीं मिला। गौ आश्रय स्थल पर 6 केयर टेकर कार्यरत हैं, जिनमें 4 दिन में एवं 2 रात्रिकालीन ड्यूटी करते हैं, वहीं भूसा गोदाम में लगभग 10 से 15 कुंतल भूसा उपलब्ध पाया गया। जिलाधिकारी ने गौशाला में शेड के विस्तारीकरण, चरही की समुचित व्यवस्था, भूसा गोदाम को और बड़ा करने तथा न्यूनतम 7 दिवस का भूसा भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्राम पंचायत सचिव को साफ-सफाई और जलभराव की स्थिति न बनने देने के निर्देश देते हुए समय से गौवंशों को चारा व स्वच्छ पानी उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने गौशाला में नवाचार एवं वर्मी कम्पोस्ट की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी, उपजिलाधिकारी सासनी, खंड विकास अधिकारी सासनी, पशु चिकित्साधिकारी देदामई, सहायक विकास अधिकारी (पं०) सासनी, ग्राम पंचायत सचिव एवं केयर टेकर उपस्थित रहे।













