Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 19 फरवरी । कस्बे में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के द्वितीय सर संघचालक माधवराव सदाशिव गोलवलकर और हिंदु स्वराज के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर गुरुवार को पथ संचलन निकाला गया। विद्याभारती से संबद्ध लाला किशन नारायण अग्रवाल सरस्वती शिशु मंदिर, कूपा गली द्वारा आयोजित इस संचलन में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

विद्यालय व्यवस्थापक दाऊदयाल ने हरी झंडी दिखाकर पथ संचलन का शुभारंभ किया। संचलन विद्यालय परिसर से शुरू होकर नगर के जवाहर बाजार, चौक बाजार, रोडवेज बस स्टैंड और तहसील मार्ग जैसे प्रमुख रास्तों से होते हुए वापस विद्यालय पहुंचा। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर विद्यार्थियों का स्वागत किया। कई स्थानों पर शिशुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था भी की गई थी, जिससे पूरे कस्बे में उत्साह का माहौल रहा। पथ संचलन के दौरान विभिन्न महापुरुषों और देशभक्ति से ओत-प्रोत आकर्षक झांकियां मुख्य आकर्षण का केंद्र रहीं। इनमें झांसी की वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई, भारत माता, छत्रपति शिवाजी महाराज, सुभाष चंद्र बोस, चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह, डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार और माधवराव सदाशिव गोलवलकर की झांकियां शामिल थीं। इसके अतिरिक्त, प्रेमानंद महाराज, परियों की रानी और हनुमान जी की मनमोहक झांकियां भी निकाली गईं। छात्र-छात्राएं पारंपरिक वेशभूषा में देशभक्ति के नारे लगाते हुए अनुशासित ढंग से आगे बढ़ रहे थे, जिससे पूरे मार्ग में देशभक्ति का माहौल बना रहा। प्रधानाचार्य देवेंद्र सिसोदिया ने इस अवसर पर कहा कि हमें महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए और उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारना चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और संस्कारों का संचार करते हैं। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सोनू कुमार, मुनेंद्र यादव, प्रदीप कुमार, अनिल कुमार, रीना भारद्वाज, कमलेश, ममता, कविता, रश्मि चौहान, पूनम सिसौदिया, कविता, कन्हैया लाल वर्मा सहित समस्त स्टाफ और अभिभावकों का सराहनीय सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page