
हाथरस 18 फरवरी । आरकेएसके पब्लिक स्कूल में जायंट्स ग्रुप ऑफ़ हाथरस गूंज द्वारा जल संरक्षण एवं हरियाली सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर जल संरक्षण और पर्यावरण संतुलन विषय पर आकर्षक एवं संदेशपूर्ण पोस्टर बनाकर समाज को जागरूक करने का प्रयास किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर मेडल देकर सम्मानित किया गया, साथ ही सभी प्रतिभागियों को स्टेशनरी वितरित की गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्य को स्मृति चिन्ह एवं पटका पहनाकर सम्मानित किया गया तथा परिसर में पौधारोपण भी किया गया, जिससे भविष्य में ये पौधे वृक्ष बनकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें। संस्था की अध्यक्ष सीमा शर्मा ने बच्चों को संबोधित करते हुए जल संकट की गंभीरता पर प्रकाश डाला और वर्षा जल संचयन अपनाने तथा जल के सदुपयोग की आदत विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प दिलाते हुए बताया कि संस्था हर माह पौधारोपण अभियान चलाएगी। इस अवसर पर यूनिट डायरेक्टर सीमा वार्ष्णेय, चार्टर प्रेसिडेंट दीप्ति वार्ष्णेय, आईपीपी माधुरी वार्ष्णेय, सचिव नमिता गोयल, कोषाध्यक्ष कुसुम वार्ष्णेय, मीडिया प्रभारी कल्पना गुप्ता सहित अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं।

















