Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 18 फरवरी । हाथरस में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं आज से शुरू हो गईं। इस वर्ष जिले में कुल 44,370 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं, जिनमें हाईस्कूल के 22,162 और इंटरमीडिएट के 22,208 परीक्षार्थी शामिल हैं। परीक्षाएं जिले के 99 केंद्रों पर आयोजित की जा रही हैं। पहले दिन सुबह की पाली में हाईस्कूल की हिंदी एवं प्रारंभिक हिंदी की परीक्षा आयोजित हुई, जिसमें हिंदी विषय में 22,082 में से 20,728 विद्यार्थी उपस्थित रहे और 1,354 अनुपस्थित रहे, जबकि प्रारंभिक हिंदी में 39 में से 35 उपस्थित और 4 अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट की हिंदी एवं सामान्य हिंदी की परीक्षा हुई, जिसमें हिंदी विषय में 4,093 में से 3,908 उपस्थित और 185 अनुपस्थित रहे, वहीं सामान्य हिंदी में 17,653 में से 16,651 उपस्थित और 1,002 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा केंद्रों पर कड़ी जांच के बाद प्रवेश दिया गया, सभी 99 केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई तथा पुलिस बल तैनात रहा। डीआईओएस कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम से सभी केंद्रों की गतिविधियों पर नजर रखी गई।

परीक्षा ड्यूटी के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग के लगभग 1100 और बेसिक शिक्षा विभाग के करीब 1800 शिक्षकों को तैनात किया गया है। सुचारु संचालन हेतु जिले को 4 जोन और 19 सेक्टर में विभाजित कर प्रत्येक केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा संबंधित एसडीएम को जोनल मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी सौंपी गई है। परीक्षा का पहला दिन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page