
हाथरस 18 फरवरी । हाथरस के थाना सादाबाद क्षेत्र में चन्द्रा फार्म हाउस के पास भारतीय सेना के जवान अखिलेश कुमार की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हाथरस पुलिस की एसओजी टीम और थाना सादाबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 25-25 हजार रुपये के दो इनामी अभियुक्तों को मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, आज सलेमपुर बंबा की ओर चेकिंग के दौरान अभियुक्त भोला उर्फ भोलू उर्फ विष्णु निवासी महावतपुर और अंकित उर्फ हकला निवासी समदपुर ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। मौके से दो अवैध तमंचे (315 बोर), तीन जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
आपको बता कि बीते 5 फरवरी 2026 को भारतीय सेना में तैनात अखिलेश कुमार हाथरस न्यायालय से पेशी कर आगरा की ओर जा रहे थे। तभी चन्द्रा फार्म हाउस के पास कार और मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई थी। मृतक की बहन डौली कुमारी की तहरीर पर थाना सादाबाद में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हाथरस ने मौके का निरीक्षण कर एसओजी, सर्विलांस व थाना पुलिस की पांच टीमें गठित की थीं। अब तक इस प्रकरण में कुल सात अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जिनमें दो अभियुक्तों को हरियाणा पुलिस ने पकड़ा था। अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए एसपी ने आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। लगातार ग्राउंड व तकनीकी इंटेलिजेंस के आधार पर पुलिस ने दोनों इनामियों को मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। पुलिस के अनुसार दोनों अभियुक्त शातिर किस्म के अपराधी हैं, जिनके विरुद्ध पूर्व में हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी व बरामदगी के संबंध में थाना सादाबाद पुलिस द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

















