Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 18 फरवरी । जिला सैनिक बन्धु समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई, जिसमें भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर जोर दिया गया। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रकाश चन्द्र ने की। अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ने सैनिकों, भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों द्वारा प्रस्तुत शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सैनिकों और उनके परिवारों की देखभाल केवल कर्तव्य ही नहीं, बल्कि बड़ी जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकरण को लंबित न रखने तथा निष्पक्ष व त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि सैनिक कल्याण बोर्ड की स्थापना का उद्देश्य सैनिकों की समस्याओं का प्रभावी समाधान करना है और इसकी सार्थकता तभी सिद्ध होगी जब सभी मामलों का समयबद्ध निस्तारण हो। बैठक में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल रघुवीर सिंह ने जनवरी 2026 तक की गई कार्यवाही की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि थल सेना, नौसेना व वायु सेना के 14 सेवानिवृत्त सैनिकों एवं 3 दिवंगत सैनिकों की पत्नियों को पहचान पत्र जारी किए गए। 3 पूर्व सैनिकों के नाम रोजगार हेतु डी.जी.आर. दिल्ली को भेजे गए। सेवारत सैनिकों से प्राप्त 7 आवेदन पुलिस एवं प्रशासन को प्रेषित किए गए। 5 भूतपूर्व सैनिकों के बच्चों के लिए सेना भर्ती हेतु रिलेशन प्रमाण पत्र बनाए गए। 8 आश्रितों को पारिवारिक पेंशन दिलाने की कार्यवाही की गई तथा 12 आश्रित प्रमाण पत्र विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु जारी किए गए।

द्वितीय विश्व युद्ध के 4 सैनिकों/पत्नियों को ₹6000 प्रतिमाह की दर से पेंशन का वितरण नवंबर 2025 तक कर दिया गया है। कारगिल युद्ध में शहीद सैनिकों की 4 पत्नियों को ₹7500 प्रतिमाह तथा माता-पिता को ₹5000 प्रतिमाह की दर से पेंशन अक्टूबर 2025 तक वितरित की गई। केन्द्रीय सैनिक बोर्ड नई दिल्ली के माध्यम से 3 पूर्व सैनिकों की पुत्रियों के विवाह हेतु तथा पुनर्वास निधि से 1 विधवा की पुत्री के विवाह हेतु एक-एक लाख रुपये की सहायता दिलाई गई। वित्तीय वर्ष 2025-28 में जनवरी तक 120 आश्रितों को छात्रवृत्ति दिलाने की कार्यवाही की गई। साथ ही उत्तर प्रदेश सैनिक पुनर्वास निधि, राज्यपाल सचिवालय लखनऊ से 1 आश्रित को छात्रवृत्ति तथा आर्मी ग्रुप इंश्योरेंस के माध्यम से 1 आश्रित को बीमा धनराशि का लाभ दिलाया गया। बैठक में वरिष्ठ कोषाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, नगर क्षेत्राधिकारी, कैप्टन धीरज कुमार (स्टेशन हेडक्वार्टर मथुरा), जिला उद्योग अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page