Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 18 फरवरी । चौधरी प्रताप सिंह की स्मृति में एक कार्यक्रम का आयोजन कांग्रेस कमेटी, ब्रज कला केंद्र तथा गवर्नमेंट पेंशनर्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कार्यालय श्री राधा कृष्ण कृपा भवन में सम्पन्न हुआ। समारोह की अध्यक्षता आशु कवि अनिल बोहरे ने की तथा संचालन चंद्रगुप्त विक्रमादित्य द्वारा किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत चौधरी प्रताप सिंह के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके पश्चात संचालक चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने उनके जीवन पर प्रकाश डालते हुए कांग्रेस, साहित्यिक और सामाजिक क्षेत्र में उनके योगदान का उल्लेख किया। समारोह में शहर के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. महेश चंद्र गुप्ता को स्मृति सम्मान प्रदान किया गया। यह सम्मान उनके पुत्र एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अमृत सिंह पोनिया द्वारा शॉल एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर प्रदान किया गया।

कांग्रेस की ओर से पंडित ऋषि कुमार कौशिक, पंडित अविनाश चंद पचौरी, बीना गुप्ता एडवोकेट, कृष्ण गुप्ता, आमना बेगम और जयशंकर पाराशर सहित वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि चौधरी प्रताप सिंह की संगठन के प्रति निष्ठा, जनता के प्रति समर्पण और सामाजिक प्रतिबद्धता आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। ब्रज कला केंद्र से जुड़े कवि एवं कवियत्रियों मीरा दीक्षित, मनु दीक्षित ‘मनु’, रोशन लाल वर्मा, चांद हुसैन ‘चांद’, प्रदीप पंडित, सुरेश चंद शर्मा, श्याम बाबू ‘चिंतन’, पंडित रामजीलाल शिक्षक और वासुदेव उपाध्याय ने काव्य पाठ के माध्यम से दिवंगत की साहित्यिक सेवाओं को याद किया। कवियों ने कहा कि उनकी साहित्यिक पहल ने स्थानीय साहित्यिक परिदृश्य को समृद्ध किया। गवर्नमेंट पेंशनर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधि भंवर सिंह पोरुष एवं जीवन लाल शर्मा ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि दिवंगत ने वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण और सामाजिक सुरक्षा के मुद्दों पर सदैव संवेदनशीलता दिखाई। सामाजिक क्षेत्र के प्रतिनिधि डॉ. विष्णु गुप्ता, चौधरी जयवीर सिंह और ओपी शर्मा ने उनके सामाजिक कार्यों, जनहित परियोजनाओं और स्थानीय कल्याण अभियानों का उल्लेख किया तथा बताया कि उनके प्रयासों का लाभ वृद्धजनों और जरूरतमंदों तक पहुँचा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. महेश चंद्र गुप्ता ने सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चौधरी प्रताप सिंह की सेवाएँ आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा हैं और उनके द्वारा शुरू किए गए कार्यों को आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। अंत में कार्यक्रम संयोजक अमृत सिंह पोनिया ने सभी वक्ताओं, कवियों, संगठन प्रतिनिधियों और उपस्थित गणमान्य नागरिकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में योगेंद्र पाल सिंह, गिरिराज सिंह गहलोत, सुनहरी लाल गौतम, सुनील कुमार शर्मा, इंजीनियर राम कन्हैया, कपिल नरूला, गजेंद्र दिवाकर, संतोष उपाध्याय, हबीब खान, पीयूष अग्निहोत्री और अनुज कुमार सहित नगर के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page