
हाथरस 17 फरवरी । हाथरस की नवीन मंडी समिति में मंडी शुल्क (टैक्स) और आवंटित दुकानों के प्रीमियम की बकाया राशि जमा न करना छह व्यापारियों को भारी पड़ गया। मंडी प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए उनके लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। नवीन मंडी समिति के सचिव गौरव सिंह ने बताया कि कई लाइसेंस धारक लंबे समय से मंडी शुल्क और दुकानों के देय प्रीमियम की राशि जमा नहीं कर रहे थे। विभाग द्वारा बार-बार सूचना और चेतावनी देने के बावजूद बकाया भुगतान नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि फिलहाल छह लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। साथ ही अन्य बकायेदार व्यापारियों को भी नोटिस जारी कर शीघ्र भुगतान करने के निर्देश दिए गए हैं। मंडी सचिव ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर बकाया धनराशि जमा नहीं की गई, तो संबंधित लाइसेंसों को स्थायी रूप से निरस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।

















