
हाथरस 17 फरवरी । हाथरस जनपद के हसायन कोतवाली क्षेत्र में हसायन-जलेसर मार्ग पर म्यान पुल के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक अन्य बाइक सवार मामूली चोटों के साथ मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर महिला जिला पंचायत सदस्य ठाकुर रानू जादौन के प्रतिनिधि पति और इत्र व्यापारी रिंकू सिंह जादौन ने तत्काल घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। उन्होंने पुलिस को भी घटना की जानकारी दी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए, चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए हाथरस के हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया। घायलों में 60 वर्षीय श्याम यादव, निवासी गड़िया खेड़ा, जनपद एटा, और उनके साथ चंद्रप्रकाश शामिल हैं। श्याम यादव शाम को अपने गांव से हसायन के पास इटरनी गांव के ईंट भट्टे पर मजदूरी करने आ रहे थे। नगला अहीर गंगापुर जलेसर हसायन मार्ग पर स्थित नगला आम के नजदीक म्यान पुल पर पहुंचते ही, हसायन की ओर से तेज गति से आ रही एक मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी।

















