
हाथरस 17 फरवरी । मनरेगा बचाओ आंदोलन के तहत आज उत्तर प्रदेश विधानसभा लखनऊ में प्रस्तावित विधानसभा घेराव कार्यक्रम से पहले प्रशासन ने कांग्रेस नेताओं पर कार्रवाई की। हाथरस से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विवेक उपाध्याय को बीती रात उनके आवास पर हाउस अरेस्ट किए जाने की जानकारी सामने आई है। विवेक उपाध्याय का आरोप है कि रात लगभग 1 बजे प्रशासनिक अधिकारियों ने भारी पुलिस बल के साथ उनके घर की घेराबंदी कर दी, ताकि वे लखनऊ में आयोजित शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक कार्यक्रम में भाग न ले सकें। उनका कहना है कि शाम से ही पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। उन्होंने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताते हुए कहा कि मनरेगा ग्रामीण गरीबों, मजदूरों और जरूरतमंद परिवारों के लिए जीवनरेखा है। रोजगार, भुगतान और अधिकारों की सुरक्षा को लेकर आवाज़ उठाना संवैधानिक अधिकार है। विवेक उपाध्याय ने प्रश्न उठाया कि क्या प्रदेश में जनता के मुद्दे उठाना अपराध माना जाएगा। उन्होंने कहा कि असहमति लोकतंत्र की मजबूती का आधार है और हाउस अरेस्ट जैसी कार्रवाई से आंदोलन को रोका नहीं जा सकता।उन्होंने स्पष्ट किया कि यह संघर्ष किसी व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि अधिकार और सम्मान की लड़ाई है, जिसे शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से जारी रखा जाएगा। हालांकि इस मामले में प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी है।

















