
हाथरस 17 फरवरी । आज भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में पंडित दीनदयाल उपाध्याय कार्यकर्ता प्रशिक्षण कार्यशाला की कार्ययोजना को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी प्रशिक्षण कार्यशाला की रूपरेखा और संगठनात्मक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मुख्य रूप से दिनेश शर्मा (प्रदेश उपाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश), डीपी भारती (प्रदेश मंत्री एवं हाथरस प्रभारी) और ब्रज क्षेत्र मंत्री रजनीश त्यागी उपस्थित रहे। जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा ने अपने संबोधन में कहा कि कार्यशालाओं का उद्देश्य पार्टी कार्यकर्ताओं के अनुशासन और चरित्र निर्माण के साथ उन्हें समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने वाला जिम्मेदार नागरिक बनाना है। प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी डीपी भारती ने इसे कार्यकर्ता निर्माण की पाठशाला बताते हुए कहा कि नई पीढ़ी के नेतृत्व को तैयार करना और प्रत्येक कार्यकर्ता को पार्टी की रीति-नीति से अवगत कराना आवश्यक है। मुख्य अतिथि रजनीश त्यागी ने कहा कि यह कार्यशाला प्रत्येक मंडल स्तर पर आयोजित की जाएगी, जिससे बूथ स्तर तक जुड़े कार्यकर्ता पार्टी और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के लिए तैयार हो सकें। उन्होंने आयोजन से संगठन में आपसी समन्वय और व्यक्तिगत संबंध भी मजबूत होने पर जोर दिया। सोशल मीडिया प्रमुख पवन रावत ने कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया के जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग और भ्रामक सूचनाओं का तथ्यात्मक खंडन करने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन जिला सहसंयोजक प्रीति चौधरी ने किया, जबकि बैठक में सुनील गौतम, प्रीती चौधरी, प्रमोद सेंगर, मथुरा प्रसाद गौतम, पवन रावत, एशियाड कुलश्रेष्ठ, सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। समापन सत्र में प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा ने कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यशाला प्रत्येक जिले, मंडल और बूथ स्तर पर आयोजित की जाएगी, ताकि प्रशिक्षित और समर्पित कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सकें।

















