
हाथरस 17 फरवरी । सेन्ट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) की बोर्ड परीक्षाएं आज से शुरू हो गईं। जनपद के आठ परीक्षा केंद्रों पर पहले दिन की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। पहले दिन कक्षा 10 की गणित (स्टैंडर्ड व बेसिक) तथा कक्षा 12 की उद्यमिता (Entrepreneurship) विषय की परीक्षा आयोजित की गई। सभी केंद्रों पर सुरक्षा, गोपनीयता और अनुशासन बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। परीक्षा केंद्रों के बाहर छात्रों और अभिभावकों की काफी भीड़ देखी गई।सीबीएसई के सिटी कोऑर्डिनेटर डॉ. जगदीश शर्मा के अनुसार कक्षा 10 गणित स्टैंडर्ड में कुल 2225 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 2214 उपस्थित और 11 अनुपस्थित रहे। गणित बेसिक में 990 में से 975 छात्र उपस्थित रहे, जबकि 15 अनुपस्थित रहे। वहीं कक्षा 12 उद्यमिता विषय में पंजीकृत सभी 5 छात्र परीक्षा में सम्मिलित हुए। जनपद में परीक्षा बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल, संत फ्रांसिस इंटर कॉलेज, राजेंद्र लोहिया विद्या मंदिर, दून पब्लिक स्कूल, द कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल, आरपीएम पब्लिक स्कूल, ओएमबी इंटरनेशनल स्कूल और संत विवेकानंद पब्लिक स्कूल में आयोजित की गई। परीक्षा देकर निकले छात्रों ने पेपर को अपेक्षाकृत सरल बताया। कक्षा 10 के छात्र तन्मय ने कहा कि गणित का पेपर काफी अच्छा गया। अन्य परीक्षार्थियों ने भी बताया कि प्रश्नपत्र उम्मीद के अनुरूप था और हल करने में विशेष कठिनाई नहीं हुई। परीक्षा समाप्त होने के बाद कुछ स्थानों पर यातायात का दबाव बढ़ने से जाम जैसी स्थिति भी देखने को मिली। हालांकि समग्र रूप से पहले दिन की परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रही।


















