सादाबाद 16 फरवरी । आगरा अलीगढ़ राजमार्ग पर सोमवार को एक कोल्ड स्टोरेज के सामने हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मारी और चालक घटनास्थल से फरार हो गया।
मृतक की पहचान 30 वर्षीय प्रेम बाबू पुत्र पूरन सिंह के रूप में हुई है, जो मिर्जापुर शेरपुर सराय नीम थाना जलेसर, जनपद एटा का निवासी था। वह आगरा-अलीगढ़ हाईवे से गुजर रहा था, तभी पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद प्रेम बाबू सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हाईवे एंबुलेंस की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार वाहन की तलाश में जुटी है। प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और शिकायत मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात बाधित हुआ, जिसे पुलिस ने सुचारू कराया।















