सादाबाद 16 फरवरी । आगरा रोड पर सोमवार सुबह आरओ पानी बेचने वाली गाड़ी के चालक के साथ अज्ञात बाइक सवारों ने मारपीट की। घटना में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने घायल को सरकारी एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव बिसाना निवासी शिवम राणा पुत्र प्रेमपाल सिंह आरओ पानी बेचने का काम करता है। सोमवार सुबह लगभग 6:30 बजे वह आगरा रोड पर चौहान हॉस्पिटल के पास अपनी गाड़ी के साथ मौजूद था। तभी बाइक पर सवार कुछ अज्ञात युवक वहां आए। प्रत्यक्ष दर्शियों ने बताया कि युवकों ने पहले शिवम से नौगांव का रास्ता पूछा, जिसके बाद कहासुनी हुई और उन्होंने शिवम के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान शिवम के पैरों में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही गिर गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक वहां से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल शिवम को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार दिया।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पीड़ित के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।














