Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 16 फरवरी । कस्बे में महाशिवरात्रि पर्व पर महाकाल शिव मंडल द्वारा शिव बारात का आयोजन किया गया। शिव बारात शोभायात्रा रविवार देर रात विनोबा नगर चौराहे से शुरू हुई। ढोल-नगाड़ों और बैंड बाजों के साथ निकली बारात में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। शोभायात्रा में भगवान गणेश, भोलेनाथ और माता पार्वती की झांकियां मुख्य आकर्षण का केंद्र रहीं। कलाकारों ने भगवान शंकर के दरबार का स्वरूप प्रस्तुत करने के लिए विशेष वेशभूषा धारण की थी। शिव-पार्वती के रूप में सजे कलाकारों ने सड़क पर नृत्य प्रदर्शन किया। भूत-प्रेत और नरमुंड धारण किए कलाकारों की टोली ने शिव बारात के पारंपरिक स्वरूप को दर्शाया। इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग देर रात तक मौजूद रहे। शिव बारात विनोबा नगर चौराहे से शुरू होकर जवाहर बाजार, चौक बाजार और कृष्ण टॉकीज सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरी। यह शोभायात्रा बाबा बैजनाथ धाम मंदिर पहुंची, जहां पूजा-अर्चना के साथ इसका समापन हुआ। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर बारात का स्वागत किया। कई स्थानों पर प्रसाद वितरण और जलपान की व्यवस्था भी की गई थी। बारात के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था। नगर के प्रमुख मार्गों पर यातायात को आंशिक रूप से मोड़ा गया, जिससे शोभायात्रा सुचारु रूप से संपन्न हो सकी। महाकाल शिव मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि महाशिवरात्रि पर शिव बारात निकालने की यह परंपरा कई वर्षों से चली आ रही है। इसका उद्देश्य युवाओं में धार्मिक संस्कारों का प्रसार और समाज में भाईचारे का संदेश देना है। इस आयोजन में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने देर रात तक सहभागिता की। महाशिवरात्रि के अवसर पर पूरे नगर में धार्मिक उत्साह का माहौल रहा। हर-हर महादेव के जयघोष से वातावरण गूंजता रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page