
हाथरस 17 फरवरी । जिला स्वास्थ्य समिति (शासी निकाय) की जनपद स्तरीय मासिक समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी अतुल वत्स ने की। बैठक में उन्होंने मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा बच्चों और गर्भवती महिलाओं का नियमित टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान ओपीडी, आईपीडी, अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे, पैथोलॉजी, जननी सुरक्षा योजना, एफआरयू, जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK), परिवार नियोजन, राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, एंबुलेंस सेवा 108 व 102, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत गोल्डन कार्ड निर्माण, नियमित टीकाकरण, जन्म-मृत्यु पंजीकरण तथा पीसीपीएनडीटी अधिनियम सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी एमओआईसी को सीएचसी में आयोजित आयरन सुक्रोज सप्ताह के सफल संचालन हेतु जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सहपऊ में जननी सुरक्षा योजना की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए अपेक्षित सुधार लाने को कहा। पीएफएमएस के माध्यम से भुगतान संबंधी रिपोर्ट संतोषजनक न होने पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के शत-प्रतिशत टीकाकरण, कुपोषण की नियमित जांच तथा संस्थागत प्रसव सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। आशा एवं एएनएम की कार्यप्रणाली की व्यक्तिगत निगरानी करने, आभा आईडी शत-प्रतिशत पूर्ण कराने तथा गर्भवती महिलाओं को प्रथम चरण से प्रसव उपरांत तक सभी लाभ समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। महिलाओं एवं किशोरियों में हीमोग्लोबिन की कमी दूर करने के लिए नियमित जांच, संतुलित आहार के प्रति जागरूकता और आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से जनजागरूकता बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने 108 एवं 112 एंबुलेंस सेवाओं को निर्धारित समय में मरीज तक पहुंचाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में मरीज उपचार से वंचित न रहे। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला सूचना अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, एमओआईसी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

















