Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 17 फरवरी । कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) समिति की बैठक में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने ग्राम पंचायतों में संचालित सामुदायिक शौचालयों के बेहतर रख-रखाव एवं संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक के दौरान स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-2 के अंतर्गत व्यक्तिगत शौचालय निर्माण, केयर-टेकर भुगतान, रख-रखाव, ओडीएफ प्लस ग्रामों की प्रगति, आरआरसी निर्माण हेतु भूमि चिन्हांकन, शौचालय रेट्रोफिटिंग, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट की प्रगति एवं ठोस-तरल अपशिष्ट प्रबंधन की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शौचालय निर्माण हेतु लाभार्थियों को समय से भुगतान सुनिश्चित किया जाए तथा सामुदायिक शौचालयों के संचालन एवं रख-रखाव के लिए केयर-टेकर को भी समयबद्ध भुगतान किया जाए। साथ ही प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने ग्राम पंचायतों में संचालित सामुदायिक शौचालयों का सत्यापन कराने तथा रेट्रोफिटिंग कार्यों की गुणवत्ता एवं क्रियाशीलता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित खंड विकास अधिकारियों से जांच कर आख्या प्रस्तुत करने को कहा। ग्राम पंचायतों में एकत्रित प्लास्टिक कचरे के निस्तारण के लिए उसे प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट में भेजने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने स्वच्छ भारत मिशन समिति की बैठक नियमित रूप से आयोजित करने तथा ब्लॉकवार प्रगति रिपोर्ट एवं समस्याओं से अवगत कराने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी, खंड विकास अधिकारी, सहायक खंड विकास अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page