हाथरस 15 फरवरी । नगर से सटे गांव अहवरनपुर स्थित श्री ब्रजेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर रुद्राभिषेक एवं शिव विवाह का भव्य आयोजन किया गया। मंदिर परिसर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न हुई तथा श्रद्धालुओं को प्रसादी का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय राजनीति से जुड़ी हस्तियों का जमावड़ा लगा रहा। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ दिनेश शर्मा ने सभी आगंतुकों का पटका पहनाकर स्वागत-सत्कार किया। शिव विवाह के आयोजन के दौरान भक्तजन भक्ति रस में सराबोर होकर जमकर थिरकते नजर आए। वातावरण ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूंज उठा। इस अवसर पर अनूप प्रधान, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष शरद महेश्वरी, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष गौरव आर्य, पूर्व पालिकाध्यक्ष आशीष शर्मा, मदन लाल, प्रांत धर्म जागरण प्रमुख विशाल राजा तथा मेयर मथुरा विनोद अग्रवाल सहित हाथरस, आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, अलीगढ़, दिल्ली व नोएडा आदि स्थानों से सैकड़ों की संख्या में जनप्रतिनिधि व संगठन पदाधिकारी मौजूद रहे। भव्य आयोजन ने श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह का संचार किया और पूरा क्षेत्र शिवमय वातावरण में सराबोर नजर आया।
















