सादाबाद 15 फरवरी । कस्बा, देहात में महाशिवरात्रि पर्व की धूमधाम रही। गांव मिढ़ावली और मांगरु स्थित प्राचीन बनखंडी महादेव मंदिर तथा आगरा बायपास मार्ग स्थित बैजनाथ धाम मंदिर में तड़के से ही शिव भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर परिसर “बम-बम भोले” और “महादेव बाबा की जय” के जयकारों से गूंज उठे।
गंगा घाटों से कांवड़ में पवित्र जल लेकर आए श्रद्धालु कतारबद्ध होकर मंदिरों में पहुंचे। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक किया, जिसमें बेलपत्र, बेर, धतूरा और गंगाजल अर्पित किया गया। क्षेत्र के प्रमुख शिवालयों के अलावा, श्रद्धालुओं ने अपने-अपने गांवों के मंदिरों में भी शिवजी की पूजा-अर्चना की। महाशिवरात्रि के अवसर पर क्षेत्र में पारंपरिक ‘जेअर’ की रस्म भी निभाई गई। नव विवाहिताएं और नव प्रसूताएं बैंड-बाजे के साथ शिवालयों तक पहुंचीं। इस दौरान महिलाएं भक्ति गीतों पर नृत्य करती रहीं और मंदिर पहुंचकर उन्होंने विशेष पूजन किया। महाशिवरात्रि के लिए मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। रंग-बिरंगी झालरों, फूल-मालाओं और विद्युत सज्जा से शिवालय जगमगा रहे थे। शाम को श्रद्धालुओं की संख्या में और वृद्धि हुई, और देर रात तक भजन-कीर्तन तथा पूजन का क्रम जारी रहा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। प्रमुख शिवालयों पर पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था, जिससे दर्शन-पूजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
















