Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 15 फरवरी । महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर नगर में अत्यंत भव्य, अनुशासित एवं श्रद्धामयी कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। इस अलौकिक यात्रा में 3 से 8 वर्ष तक की आयु के कुल 21 नन्हे-मुन्ने बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के गगनभेदी जयघोष से पूरा नगर शिवमय हो उठा।

कांवड़ यात्रा का शुभारंभ आस्था के प्रमुख केंद्र चौमुखा नाथ मंदिर से हुआ। यात्रा पत्थर वाला बाजार, घंटाघर एवं हलवाई खाना बाजार होते हुए पुनः चौमुखा नाथ मंदिर पर आकर संपन्न हुई। मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर नन्हे कांवड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। यात्रा का मुख्य आकर्षण 25 फुट लंबी भव्य कांवड़ रही, जिसे पांच श्रद्धालु अपने कंधों पर लेकर चल रहे थे। आकर्षक सजावट एवं भक्तिमय वातावरण ने सभी का मन मोह लिया। पारंपरिक वेशभूषा में सजे नन्हे शिवभक्तों ने अनुशासन और श्रद्धा के साथ यात्रा में भाग लेकर नगरवासियों का हृदय जीत लिया। इस पावन आयोजन का उद्घाटन श्री विवेक कुमार वार्ष्णेय द्वारा किया गया। वहीं निस्वार्थ सेवा संस्थान के अध्यक्ष श्री सुनील अग्रवाल एवं उनके साथियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन में विशेष रूप से दीपू गुरु, गोलू खंडेलवाल, ध्रुव कोठीवाल, निष्कर्ष गर्ग, अंकुर अग्रवाल, पीयूष अग्रवाल, अरुण खंडेलवाल, संजीव सैनी, मनोज वैष्णव सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजकों ने बताया कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों का उद्देश्य बच्चों में सनातन संस्कृति, धार्मिक संस्कार एवं सामाजिक एकता की भावना को जागृत करना है। नगरवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के निरंतर आयोजन की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page