Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 15 फरवरी ।सावन कृपाल रूहानी मिशन की शाखा ‘कृपाल आश्रम’ हाथरस पर साप्ताहिक आध्यात्मिक सत्संग का आयोजन किया गया। आज का सत्संग जट्टारी से पधारे सत्संगकर्ता श्री छैल बिहारी जी द्वारा प्रस्तुत किया गया।

सत्संगकर्ता ने अपने विचारों में बताया कि परमात्मा की असीम कृपा से 84 लाख योनियों में भटकने के बाद मनुष्य जन्म प्राप्त होता है। अतः इस अनमोल जीवन को व्यर्थ कार्यों में न गंवाकर प्रभु भक्ति और सत्संग में लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रभु ने हमें स्वांस रूपी अनमोल खजाना दिया है, जिसे उसी परमात्मा की याद में ही व्यतीत करना चाहिए। इसी क्रम में मिशन के प्रमुख एवं विश्व विख्यात आध्यात्मिक संत राजिंदर सिंह जी महाराज का ऑडियो-वीडियो सत्संग भी संगत को सुनाया गया। महाराज जी ने संदेश दिया कि जब-जब सत्संग में जाने का अवसर मिले, तब-तब सत्संग रूपी गंगा में स्नान अवश्य करना चाहिए। नियमित सत्संग से जीवन में सद्गुणों का विकास होता है और मनुष्य अपने जीवन के मूल उद्देश्य—स्वयं को जानने तथा प्रभु से एकरूप होने—को समझ पाता है। महाराज जी ने आगे कहा कि जब जीवन सदाचारी और सद्गुणों से परिपूर्ण हो जाता है, तब प्रभु में लीन होने के लिए भजन-अभ्यास सरल एवं सुगम मार्ग बन जाता है। सत्संग के उपरांत महाराज जी ने सभी साध-संगत को ध्यानाभ्यास भी कराया। आज के सत्संग का सैकड़ों श्रद्धालु भाई-बहनों ने लाभ उठाया। कार्यक्रम के पश्चात केंद्र प्रबंधन द्वारा सभी के लिए लंगर प्रसादी का वितरण किया गया। इस अवसर पर शाखा हाथरस के डॉ. मनोज अरोड़ा एवं उनकी टीम द्वारा विभिन्न रोगों से ग्रसित लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई तथा आवश्यक दवाइयां भी निःशुल्क वितरित की गईं। कार्यक्रम को सफल बनाने में आश्रम की समस्त समिति एवं सक्रिय सेवादारों ने सराहनीय सहयोग प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page