Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 15 फरवरी । महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय तपस्या धाम द्वारा भव्य कार्यक्रम एवं विशाल शिव बाबा शोभायात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिव बाबा की अलौकिक बारात निकाली गई, जिसमें भगवान शिव–शंकर एवं राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकियों ने सभी का हृदय जीत लिया।

श्वेत वस्त्रधारी ब्रह्माकुमारी बहनें, भाई एवं माताएं हाथों में शिव ध्वज लेकर “ओम नमः शिवाय” और “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ नगर में आध्यात्मिक वातावरण का संचार कर रहे थे। शोभायात्रा का शुभारंभ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिला अध्यक्ष भ्राता शरद माहेश्वरी जी तथा प्रमुख समाजसेवी गौरी शंकर गौतम द्वारा शिव बाबा की पूजा-अर्चना के पश्चात हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका बीके भावना दीदी भी उपस्थित रहीं। नगर के विभिन्न स्थानों पर शिव बाबा का भव्य स्वागत एवं प्रसाद वितरण किया गया। शोभायात्रा का समापन तपस्या धाम परिसर में हुआ, जहां मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंचीय कार्यक्रम की शुरुआत शिव ध्वजारोहण के साथ हुई। मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष बहन श्वेता चौधरी एवं पूर्व सांसद राजेश दिवाकर जी उपस्थित रहे। पूर्व सांसद राजेश दिवाकर ने ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा किए जा रहे आध्यात्मिक एवं सामाजिक कार्यों की सराहना की। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी ने सभी को शिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए आयोजन को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। जिला प्रभारी राजयोगिनी बीके सीता दीदी ने अध्यक्षता करते हुए कहा कि महाशिवरात्रि आत्मजागृति का पर्व है। शिव परमात्मा निराकार ज्योति बिंदु स्वरूप हैं, जो मानव आत्माओं को सच्चा ज्ञान, पवित्रता और शांति का मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने सभी से जीवन में सद्गुणों को धारण कर विश्व कल्याण का संकल्प लेने का आह्वान किया। वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका बीके भावना दीदी ने शिवरात्रि के आध्यात्मिक रहस्य को स्पष्ट करते हुए इसे आत्मा और परमात्मा के दिव्य मिलन की स्मृति बताया तथा राजयोग के माध्यम से आंतरिक शांति एवं शक्ति प्राप्त करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में वरिष्ठ कवि श्यामबाबू चिंतन जी ने भावपूर्ण काव्य पाठ प्रस्तुत किया। मंच संचालन पूर्व बार एसोसिएशन अध्यक्ष एडवोकेट अतुल आंधीवाल ने किया। दाऊजी से पधारी बीके सीमा दीदी ने शिव भक्ति गीत प्रस्तुत कर सभी को भावविभोर कर दिया। वरिष्ठ पत्रकार शंभूनाथ पुरोहित जी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में त्रिमूर्ति शिव जयंती के 90वें वर्ष के उपलक्ष्य में शिव बाबा का जन्मोत्सव केक कटिंग के साथ मनाया गया एवं प्रसाद वितरण किया गया। सभागार खचाखच भरा रहा तथा शोभायात्रा में पुलिस प्रशासन का सराहनीय सहयोग रहा। पूरा आयोजन आध्यात्मिक उत्साह, अनुशासन और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ, जिसने नगरवासियों के हृदय में नई ऊर्जा, शांति और सकारात्मकता का संदेश पहुंचाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page