
सादाबाद 14 फरवरी । सादाबाद की सुनीता एनक्लेव कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर एक महिला की छत से गिरकर मौत हो गई। वह अपनी बेटी की शादी की तैयारियों के तहत घर की साफ-सफाई करवा रही थीं, तभी यह हादसा हुआ। गंभीर रूप से घायल महिला ने आगरा ले जाते समय दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, 54 वर्षीय शीला देवी पत्नी कुंवरपाल अपने घर में शादी की तैयारियों में जुटी थीं। इसी दौरान वह छत पर बने लोहे के टट्टर को हटाकर उसकी सफाई कर रही थीं। टट्टर खोलते समय अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे आंगन में गिर पड़ीं। गिरने की आवाज सुनकर घर में मौजूद बेटी और काम कर रहे मजदूर मौके पर पहुंचे। लहूलुहान हालत में शीला देवी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए आगरा रेफर कर दिया। हालांकि, आगरा अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मृत्यु हो गई। महिला के पति कुंवर पाल सिंह जल निगम में अलीगढ़ में तैनात हैं और हादसे के समय वह ड्यूटी पर थे। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में दुख का माहौल छा गया। बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। शादी की तैयारियों के बीच अचानक हुए इस हादसे से पूरी कॉलोनी में लोग स्तब्ध हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि खुशियों का माहौल अचानक गम में बदल गया।















