
हाथरस 14 फरवरी । सादाबाद में शुक्रवार देर रात मथुरा रोड पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और कार के बीच टक्कर हो गई। इस ट्रैक्टर-ट्रॉली में कांवड़ लेने जा रहे गांव झरोठा के लगभग 20 श्रद्धालु सवार थे, जो इस हादसे में सुरक्षित रहे। यह घटना मन्स्या के निकट हुई। श्रद्धालुओं ने बताया कि वे गांव झरोठा से कांवड़ लेने जा रहे थे, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनके ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई, हालांकि ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से बच गई। घटना की सूचना मिलते ही 20 मिनट के भीतर पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और स्थिति को संभाला। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में ले लिया है और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे में किसी भी श्रद्धालु को गंभीर चोट नहीं आई। सीओ अमित पाठक ने बताया कि कोतवाली में इस संबंध में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। उन्होंने यह भी बताया कि श्रद्धालु मामूली चोटों के बाद रात में ही अपने गंतव्य स्थान के लिए रवाना हो गए थे।















