
हाथरस 14 फरवरी । जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में आगामी महाशिवरात्रि पर्व को देखते हुए कांवड़ यात्रा मार्ग पर पड़ने वाले भंडारों की सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई सहायक आयुक्त खाद्य रणधीर सिंह एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में की गई। अभियान के दौरान कासगंज–सिकंदराऊ रोड, मुरसान–मथुरा रोड, सादाबाद–आगरा रोड तथा बरेली–कासगंज रोड पर स्थित कांवड़ यात्रा मार्ग के भंडारों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने भंडारा संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने, ताजा भोजन परोसने तथा तैयार भोजन को ढककर सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। साथ ही कूड़ा सड़क पर न फैलाने और निर्धारित कूड़ेदान में ही डालने के लिए सख्त हिदायत दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा के साथ किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन द्वारा कांवड़ यात्रा को सकुशल और स्वच्छ वातावरण में संपन्न कराने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।















