Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 13 फरवरी महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा कृष्णा गार्डन में एक भव्य संत समागम और आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वृंदावन से पधारे महामंडलेश्वर कृष्णानंद जी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिसने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम स्थल खचाखच भरा रहा और नगर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद थे। ब्रह्माकुमारी अश्विना दीदी आगरा सब ज़ोन सचिव कार्यक्रम की मुख्य वक्ता थीं। वरिष्ठ बसपा नेता एवं समाजसेवी डॉ. अविन शर्मा, कार्यक्रम संयोजक एवं सह जिला प्रभारी बीके भावना दीदी, पूर्व बार एसोसिएशन अध्यक्ष अतुल आंधीवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक मंच पर उपस्थित रहे। अग्रवाल सभा के अध्यक्ष पीयूष अग्रवाल और दाऊजी अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया।

महामंडलेश्वर कृष्णानंद जी महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि सनातन धर्म विश्व का प्राचीनतम आध्यात्मिक मार्ग है और महाशिवरात्रि आत्म-जागरण का पर्व है। उन्होंने ब्रह्माकुमारीज़ संस्था की सराहना करते हुए कहा कि यह विश्वभर में आध्यात्मिक जागृति का कार्य कर रही है और समाज में नैतिक मूल्यों की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। ब्रह्माकुमारी अश्विना दीदी ने बताया कि महाशिवरात्रि आत्मा और परमात्मा के मिलन की रात्रि है। उन्होंने राजयोग के माध्यम से आत्मबल बढ़ाकर विकारों से मुक्त होने तथा समाज में सद्भाव स्थापित करने का संदेश दिया। वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका बीके भावना दीदी ने सभी अतिथियों और नगरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए आध्यात्मिक जीवन शैली अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के समापन पर सामूहिक शिव ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद शिव बाबा की एक विराट शोभायात्रा बैंड-बाजों, शिव ध्वजों और आकर्षक झांकियों के साथ नगर के प्रमुख मार्गों से निकाली गई। इस शोभायात्रा में राधा-कृष्ण, शिव-शंकर की झांकियां और महामंडलेश्वर जी का सुसज्जित रथ विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। माताएं और बहनें हाथों में शिव ध्वज लेकर भक्ति भाव से शोभायात्रा में शामिल हुईं। इस अवसर पर नगर पंचायत प्रतिनिधि राधारमण अग्रवाल, बीके सीमा बहन, श्यामवीर चौधरी, सोम सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page