
हाथरस 13 फरवरी । कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने लम्बित रिट/आयोग संदर्भ, आरटीआई एवं आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोग से प्राप्त संदर्भ, आरटीआई प्रकरण, आईजीआरएस पोर्टल एवं जनता दर्शन शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। किसी भी माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय करते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी।जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जनता दर्शन, आईजीआरएस अथवा अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के समाधान हेतु आवश्यकतानुसार स्थलीय निरीक्षण अवश्य किया जाए, जिससे प्रकरण डिफाल्टर या लंबित श्रेणी में न आएं। उन्होंने ‘स्पेशल क्लोज’ का अनावश्यक प्रयोग न करने तथा असंबंधित शिकायतों को तत्काल सक्षम विभाग को प्रेषित करने के निर्देश दिए। आरटीआई मामलों में समयबद्ध एवं संतोषजनक उत्तर उपलब्ध कराने तथा आयोग से संबंधित प्रकरणों में समय से जांच कर आख्या भेजने पर विशेष बल दिया गया। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी गंभीरता, पारदर्शिता और निर्धारित समय-सीमा के भीतर शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करें। आईजीआरएस पोर्टल पर विभागीय प्रोफाइल समय से अपडेट न किए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपूर्ण, त्रुटिपूर्ण अथवा गलत निस्तारण पाए जाने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट, समस्त उपजिलाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

















