
हाथरस 13 फरवरी । आगामी शिवरात्रि पर्व के दृष्टिगत जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। सहायक आयुक्त खाद्य-2 रणधीर सिंह एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न होटल-ढाबों का निरीक्षण कर स्वच्छता, ताजा एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन परोसने तथा रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सादाबाद तहसील अंतर्गत हनुमान चौकी गुरसौटी, गोपाल विहार ढाबा गीगला, शिव शक्ति ढाबा एंड फैमिली रेस्टोरेंट तथा आगरा रोड चंदपा स्थित विभिन्न ढाबों व रेस्टोरेंटों की जांच की गई। इसके अलावा श्री गोपाल जी फैमिली ढाबा, सिसोदिया होटल एवं जय मां भगवती भोजनालय में साफ-सफाई की स्थिति पर विशेष ध्यान देते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए और रेट लिस्ट प्रदर्शित कराई गई। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता ने बताया कि त्योहार को देखते हुए निरीक्षण एवं नमूना कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि आमजन को शुद्ध व सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।

















