
हाथरस 13 फरवरी । आज लखनऊ के 5 कालिदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पर सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर ने योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर हाथरस विधानसभा क्षेत्र के लंबित विकास कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कराने के संबंध में विस्तार से चर्चा की।विधायक ने विशेष रूप से यमुना एक्सप्रेस-वे के खंदोली कट पर हाथरस से लखनऊ आने-जाने वाले यात्रियों की सुविधा हेतु दोनों ओर एप्रोच रोड निर्माण की मांग रखी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में वहां वाहन चढ़ाने और उतारने के लिए समुचित मार्ग उपलब्ध नहीं है, जिससे आमजन को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। इसके अतिरिक्त मेडिकल कॉलेज, ट्रांसपोर्ट नगर, एम.जी. पॉलिटेक्निक मैदान में क्रीड़ा स्थल निर्माण, सासनी में महाविद्यालय की स्थापना तथा पीडब्ल्यूडी की सड़कों की स्वीकृति के संबंध में भी आग्रह किया गया। विधायक ने जनपद स्तर पर रिक्त पड़े महत्वपूर्ण पदों जैसे सीएमओ, डीपीआरओ, उप निदेशक कृषि, डूडा, जेई विनियमित क्षेत्र, भूमि संरक्षण अधिकारी, जिला कृषि रक्षा अधिकारी, जिला युवा कल्याण अधिकारी, पीओ नेडा, उपयुक्त राष्ट्रीय आजीविका मिशन एवं उप संभागीय विपणन अधिकारी पर शीघ्र नियुक्ति करने का भी निवेदन किया। मुख्यमंत्री ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को पत्र अग्रेषित कर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। विधायक अंजुला सिंह माहौर ने प्रदेश के ऐतिहासिक बजट के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद ज्ञापित किया तथा ‘एक जनपद एक व्यंजन’ योजना में हाथरस की प्रसिद्ध रबड़ी को स्थान देने पर आभार व्यक्त किया।

















