Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 12 फरवरी । फौजी अखिलेश कुमार की दिनदहाड़े हत्या के आठ दिन बाद भी मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। समदपुर निवासी अखिलेश कुमार की हत्या आगरा अलीगढ़ एनएच-509 पर हुई थी, जब वे हाथरस न्यायालय से लौट रहे थे। इस मामले में मृतक की पत्नी निधि कुमारी का एक वीडियो गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

घटना के बाद मृतक की बहन ने 10 नामजद सहित कुल 13 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने शुरुआती कार्रवाई में दो आरोपियों को जेल भेजा, लेकिन परिजनों का आरोप है कि इन दोनों ने गिरफ्तारी नहीं बल्कि आत्मसमर्पण किया था। परिजनों की मांग पर इस मामले की जांच सादाबाद कोतवाली से हटाकर क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई थी। इससे पहले, फौजी की पत्नी निधि कुमारी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई थी। उन्होंने स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए थे। इस मुलाकात के बाद सादाबाद में तैनात प्रभारी निरीक्षक, एक उपनिरीक्षक और एक आरक्षी को लाइन हाजिर कर दिया गया था। वायरल वीडियो में निधि कुमारी ने कहा है कि हत्या को 10 दिन बीत चुके हैं, लेकिन मुख्य आरोपी अभी तक गिरफ्तार नहीं हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि “ऐसे मामलों में पुलिस पाताल से भी अपराधी को खोज निकालती है, लेकिन आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं।” निधि ने यह भी बताया कि घटना के दौरान हमलावर उनके घर में घुस आए थे और महिलाओं व बच्चों के साथ अभद्रता की थी, लेकिन उस समय भी पुलिस ने गंभीरता नहीं दिखाई। वीडियो में निधि ने पुलिस से मांग की है कि आरोपियों के परिजनों से सख्ती से पूछताछ की जाए। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश में कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। दूसरी ओर, परिजन जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आंदोलन करने की चेतावनी दे चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page