
हाथरस 12 फरवरी । राष्ट्रीय सवर्ण परिषद के अध्यक्ष पंकज धवरैया का यूजीसी बिल और एससी-एसटी एक्ट के विरोध में कंचन नगर स्थित उनके आवास के बाहर चल रहा धरना छठवें दिन भी जारी रहा। धरना स्थल पर सुरक्षा के मद्देनज़र भारी पुलिस बल तैनात है। इसी क्रम में गुरुवार शाम शिव शक्ति धाम डासना के पीठाधीश्वर यति नरसिंहानंद गिरी कंचन नगर पहुंचे और धरने पर बैठे पंकज धवरैया को समर्थन दिया। यति नरसिंहानंद गिरी ने कहा कि सरकार को संबंधित कानूनों पर पुनर्विचार करना चाहिए, ताकि समाज में किसी प्रकार का असंतोष न फैले। उन्होंने कहा कि सनातन समाज शांति और अहिंसा के मार्ग पर चलता है, लेकिन समाज की आवाज को अनसुना नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि पंकज धवरैया पिछले कई दिनों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। इस दौरान परशुराम सेना के प्रदेश अध्यक्ष राजू कौशिक, शरद उपाध्याय नंदा सहित अन्य पदाधिकारी भी धवरैया से मिलने पहुंचे। पुलिस द्वारा रोकने पर कुछ समय के लिए नोकझोंक की स्थिति बनी, हालांकि बाद में हस्तक्षेप के बाद उन्हें मिलने की अनुमति दे दी गई। मुलाकात के दौरान परशुराम सेना के पदाधिकारियों ने धवरैया को समर्थन दिया और यूजीसी बिल वापस लेने तथा एससी-एसटी एक्ट में बदलाव/समाप्ति की मांग दोहराई। पंकज धवरैया ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, उनका धरना जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन से हाथरस से दिल्ली तक प्रस्तावित पदयात्रा की अनुमति देने या प्रधानमंत्री से मुलाकात कराने की मांग की है, ताकि वे अपनी बात सीधे रख सकें। धरना स्थल और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

















