Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 12 फरवरी । बागला कॉलेज में आज राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में एक दिवसीय शिविर के अंतर्गत मानसिक स्वास्थ्य एवं किशोर स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) महावीर सिंह छोंकर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व से अवगत कराना तथा उन्हें सकारात्मक एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। मानसिक स्वास्थ्य परामर्शदाता नीलिमा ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य की परिभाषा, उसके महत्व तथा वर्तमान समय में बढ़ते तनाव, अवसाद और चिंता जैसी समस्याओं के कारणों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित दिनचर्या, संतुलित आहार, पर्याप्त नींद, सकारात्मक सोच, समय प्रबंधन तथा योग-प्राणायाम मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाए रखने में सहायक हैं। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी भावनाएं साझा करने, आवश्यकता पड़ने पर परामर्श लेने और सोशल मीडिया का संतुलित उपयोग करने की सलाह दी।

किशोर स्वास्थ्य परामर्शदाता प्रवीण कौशिक ने किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तनों पर प्रकाश डालते हुए इस अवस्था की चुनौतियों से स्वस्थ तरीके से निपटने के उपाय बताए। उन्होंने स्वच्छता, पोषण, आत्मविश्वास, सही संगति और नशे से दूर रहने के महत्व पर विशेष बल दिया। कार्यक्रम में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विनय कुमार वर्मा, अंकिता, बी.एड. विभागाध्यक्ष डॉ. डी.के. दीक्षित, डॉ. सुनंदा महाजन (हिंदी विभाग), डॉ. के.एम. त्रिपाठी (वाणिज्य विभाग) सहित बी.एड. विभाग के शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता की। शिविर में कुल 40 एनएसएस स्वयंसेवकों ने भाग लिया और विशेषज्ञों से अपने प्रश्नों के उत्तर प्राप्त किए। अंत में डॉ. विनय कुमार वर्मा ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। यह शिविर विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी, ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page