Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 12 फरवरी । राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की नवीन पहल समग्र प्रगति पत्र विषय पर क्षमता निर्माण कार्यक्रम का आयोजन सेकसरिया सुशीला देवी पब्लिक स्कूल में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों एवं स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को पारंपरिक अंक-आधारित मूल्यांकन प्रणाली से आगे बढ़ते हुए विद्यार्थियों के शैक्षणिक, सह-शैक्षणिक, सामाजिक एवं भावनात्मक विकास के समग्र मूल्यांकन की नई प्रक्रिया से अवगत कराना था। कार्यक्रम के प्रथम रिसोर्स पर्सन श्री दीपक कुमार सेंगर ने समग्र प्रगति पत्र की संकल्पना, संरचना एवं उसके प्रभावी क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि यह प्रणाली विद्यार्थियों की केवल शैक्षणिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी रुचियों, कौशलों, व्यवहारिक दक्षताओं एवं जीवन मूल्यों का भी समुचित आकलन करती है। द्वितीय रिसोर्स पर्सन डॉ. जी. डी. पाटिल ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि नई शिक्षा नीति का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों का बहुआयामी विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने मूल्यांकन के प्रकार और वार्षिक अध्यापन नियोजन और ३६० डिग्री समग्र प्रगति पत्र की सुसंगती पर चर्चा की और इस तरह के मूल्यांकन के लिए जरूरी प्रक्रिया स्पष्ट की! प्रशिक्षण के दौरान विचार-मंथन सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपने सुझाव साझा किए तथा इसे अपने-अपने विद्यालयों में लागू करने की रणनीतियों पर चर्चा की। यह प्रशिक्षण शहर के विद्यालयों में समग्र मूल्यांकन प्रणाली को सशक्त रूप से लागू करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page