
हाथरस 12 फरवरी । आल इंडिया इंश्योरेंस एम्पलाइज एसोसिएशन के आह्वान पर अलीगढ़ डिवीजन इंश्योरेंस एम्पलाइज एसोसिएशन के बैनर तले बीमा कर्मचारियों ने सरकार की कथित श्रम विरोधी नीतियों एवं नई श्रम संहिताओं के विरोध में हड़ताल कर विरोध प्रदर्शन किया। समस्त कर्मचारी भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के मुख्य द्वार पर शांतिपूर्ण तरीके से एकत्रित हुए और सरकार की नीतियों के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। प्रमुख वक्ताओं ने कहा कि सरकार द्वारा लागू की गई श्रम संहिताओं के माध्यम से कार्य के घंटों को 8 से बढ़ाकर 12 तक किए जाने की संभावना है, जो कर्मचारियों के हितों के प्रतिकूल है। साथ ही बीमा क्षेत्र में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) की सीमा 100 प्रतिशत तक बढ़ाने से निजीकरण को बढ़ावा मिलेगा, जिससे सार्वजनिक क्षेत्र के संस्थानों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि श्रम संहिताओं के जरिए ट्रेड यूनियनों के पंजीकरण की प्रक्रिया को जटिल बनाकर उनके अस्तित्व को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। कर्मचारी नेताओं ने सरकार से मांग की कि श्रमिकों एवं श्रमिक संगठनों की बातों पर गंभीरता से विचार करते हुए इन नीतियों पर पुनर्विचार किया जाए और कर्मचारियों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर अनुज गर्ग, राजीव गर्ग, दाऊदयाल, मुकेश बाबू शर्मा, महेश वर्मा, राकेश रावत, मुकेश कुमार, श्रीमती कांता दीक्षित, शीतल वर्मा, दिनेश कुमार, रवि गुप्ता, सोनू कुमार एवं प्रेम प्रकाश शर्मा सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

















