Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 12 फरवरी । जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में सोमवार को दीवानी न्यायालय के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में लघु एवं मेगा/वृहद विधिक जागरूकता एवं सेवा शिविर के आयोजन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनु चौधरी ने की। यह बैठक अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/प्रभारी जनपद न्यायाधीश श्री महेन्द्र श्रीवास्तव के निर्देशों के क्रम में सम्पन्न हुई। बैठक में सचिव अनु चौधरी ने जिला विकास अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्योग अधिकारी, कौशल विकास अधिकारी एवं जिला पंचायत राज अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया। बैठक में बताया गया कि आगामी 22 फरवरी 2026 को डीआरबी इंटर कॉलेज हाथरस में मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर आयोजित किया जाएगा। सचिव ने निर्देश दिए कि योजनाओं से लाभान्वित किए जाने वाले पात्र व्यक्तियों को अभी से चिन्हित कर उनकी सूची शीघ्र उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि मेगा शिविर का उद्देश्य शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। विशेष रूप से निर्बल वर्ग, दिव्यांगजन, महिलाएं, बच्चे, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक, निर्धन वर्ग तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति के लोगों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया गया। साथ ही सभी विभागों को निर्देशित किया गया कि लघु जागरूकता शिविरों के माध्यम से लाभार्थियों की पहचान कर उनका पंजीकरण सुनिश्चित करें, ताकि उन्हें योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके। सचिव ने विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने एवं व्यापक जनसंपर्क और प्रचार-प्रसार के माध्यम से मेगा शिविर को सफल बनाने के निर्देश दिए। बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page