
हाथरस 12 फरवरी । आगामी 22 फरवरी को शहर के आगरा रोड स्थित दौलतराम बारहसैनी इंटर कॉलेज में प्रस्तावित मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के आयोजन के संबंध में गुरुवार को तपोवन फूड प्लाजा, नगला उम्मेद में कार्यरत पुरुष एवं महिला श्रमिकों को विधिक जानकारी प्रदान की गई। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशन में जनपद न्यायाधीश विनय कुमार के आदेशानुसार एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हाथरस अनु चौधरी के मार्गदर्शन में यह विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में श्रम परिवर्तन अधिकारी सतेन्द्र कुमार मिश्रा, चीफ लीगल एड डिफेन्स काउंसिल ऋतुराज सिंह, सहायक लीगल एड डिफेन्स काउंसिल विजय कुमार सेंगर, फर्म के अध्यक्ष गजेन्द्र चौधरी तथा पराविधिक स्वयंसेवक साहब सिंह, राकेश कुमार एवं अरुण गौतम उपस्थित रहे।अधिकारियों ने बताया कि 22 फरवरी को आयोजित होने वाले मेगा शिविर से पूर्व लघु/सूक्ष्म विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविरों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग शिविर में पहुंचकर लाभान्वित हो सकें।
मेगा शिविर में आरोग्य/गोल्डन कार्ड, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, सामान्य बीमा, असंगठित क्षेत्र श्रमिक बीमा, किसान बीमा योजना, रक्तदान हेतु स्वैच्छिक पंजीकरण (चलता-फिरता रक्त बैंक), मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना, वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, दिव्यांगजन पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, श्रमिक पेंशन योजना, बाल सेवा योजना, आयुष्मान कार्ड योजना, विश्वकर्मा सम्मान योजना सहित विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा। श्रमिकों को अपने आसपास के लोगों को भी शिविर की जानकारी देने और अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित रहने का आह्वान किया गया। साथ ही श्रमिकों के अधिकारों और हितों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी विस्तारपूर्वक दी गईं। इसके अतिरिक्त जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पराविधिक स्वयंसेवकों चित्र सिंह, चन्द्रपाल सिंह, रामकुमार शर्मा, सत्यनारायण, उर्मिला, अजब सिंह, लक्ष्मी, शालिनी चौहान एवं मनु दीक्षित द्वारा जनपद के विभिन्न स्थानों—के.एल. जैन इंटर कॉलेज सासनी, ग्राम तिलौठी, वृद्धाश्रम नगला भूस, डीएचएमसीएस स्कूल नगला सिंग, संविलियन विद्यालय चितावर, ब्लॉक सहपऊ, सैनिक कल्याण बोर्ड हाथरस एवं तहसील सासनी—में लघु विधिक साक्षरता शिविर आयोजित कर योजनाओं की जानकारी दी गई तथा 22 फरवरी को मेगा शिविर में उपस्थित रहने का आग्रह किया गया।

















