
हाथरस 12 फरवरी । तहसील हाथरस में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का जिलाधिकारी अतुल वत्स ने निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति, पारदर्शिता एवं समयबद्धता की विस्तारपूर्वक समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मतदाता सूची के अद्यतन कार्य, नए मतदाताओं के नाम जोड़े जाने, अपात्र एवं मृत मतदाताओं के नाम हटाने, नाम, पता एवं आयु में संशोधन, ऑनलाइन आवेदन की स्थिति, अभिलेखों के सत्यापन तथा डाटा फीडिंग की प्रक्रिया का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर उपस्थित कार्मिकों से कार्य की प्रगति की जानकारी प्राप्त की और आवश्यक सुधारात्मक सुझाव भी दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को पूर्णतः शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है, ताकि आगामी निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी इस महत्वपूर्ण कार्य को निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ संपादित करें तथा यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे। उन्होंने आमजन को अभियान के संबंध में व्यापक स्तर पर जागरूक करने के निर्देश दिए, ताकि नागरिक स्वयं अपने नाम, पता, आयु एवं अन्य विवरणों की जांच कर आवश्यक संशोधन समय रहते करा सकें।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि पुनरीक्षण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या त्रुटि क्षम्य नहीं होगी। सभी सुपरवाइजर, बीएलओ एवं संबंधित कार्मिक नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण कर घर-घर सत्यापन सुनिश्चित करें तथा प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट समय से प्रस्तुत करें। साथ ही अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, डाटा की शुद्धता, तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग एवं आम नागरिकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण लोकतंत्र की नींव को सुदृढ़ करता है, इसलिए इसे सर्वोच्च प्राथमिकता पर लिया जाए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), उप जिलाधिकारी सदर, तहसीलदार, सुपरवाइजर, बीएलओ एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

















